घर पर इस तरह बनाएं नीम फेस वॉश, इस्तेमाल करने से त्वचा की कई समस्याओं से मिलेगा छुटकारा

DIY Neem Face Wash: नीम फेस वॉश से चेहरा धोने से त्वचा को कई फायदे मिल सकते हैं। जानें इसे घर पर बनाने का तरीका -

Priya Mishra
Written by: Priya MishraUpdated at: Jul 07, 2023 14:55 IST
घर पर इस तरह बनाएं नीम फेस वॉश, इस्तेमाल करने से त्वचा की कई समस्याओं से मिलेगा छुटकारा

Onlymyhealth Dabur Vedic Tea

DIY Neem Face Wash In Hindi: निखरी और बेदाग त्वचा के लिए चेहरे की सफाई करना बहुत जरूरी होता है। चेहरे को साफ के लिए अधिकतर लोग महंगे फेश वॉश और क्लींजर का इस्तेमाल करते हैं। इससे चेहरे पर जमा गंदगी, धूल-मिट्टी, प्रदूषण और मेकअप को हटाने में मदद मिलती है। लेकिन बाजार में मिलने वाले अधिकतर फेश वॉश केमिकल से भरे होते हैं, जो लंबे समय में आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इन केमिकल युक्त फेस वॉश का इस्तेमाल करने से त्वचा बहुत ज्यादा ड्राई भी हो सकती है। ऐसे में, आप चाहें तो चेहरे धोने के लिए आप घर पर ही नीम फेस वॉश बना सकते हैं। यह न सिर्फ बनाने में आसान होता है, बल्कि केमिकल-फ्री होने की वजह से त्वचा को कई लाभ भी प्रदान करता है। नीम में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा संबंधी कई समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। नियमित रूप से नीम फेस वॉश से चेहरा धोने से कील-मुंहासे, डार्क स्पॉट्स और पिगमेंटेशन जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। आज इस लेख में हम आपको नीम फेस वॉश के फायदे और घर पर इसे बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं।

नीम फेस वॉश के फायदे - Neem Face Wash Benefits In Hindi

त्वचा की गंदगी को साफ करे

नीम फेस वॉश से चेहरे धोने से त्वचा पर मौजूद गंदगी और एक्स्ट्रा ऑयल हट जाता है। यह आपकी त्वचा को एक्सफोलिएट करने के साथ ही प्राकृतिक रूप से मॉइश्चराइज भी करता है।

मुंहासों से छुटकारा दिलाए 

नीम की पत्तियों में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा के मुहांसे या एक्ने से छुटकारा दिलाने में बहुत फायदेमंद होते हैं। इसके इस्तेमाल से मुंहासों की सूजन भी कम होती है।

Neem-Face-Wash-Benefits-I

दाग-धब्बों को हटाने में मददगार 

नीम की पत्तियों में विटामिन ई भरपूर मात्रा में होता है, जो त्वचा को चमकदार बनाने में मदद करता है। नीम फेश वॉश का इस्तेमाल करने से दाग-धब्बों और पिगमेंटेशन की समस्या दूर हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: चेहरे पर लगाएं नीम का फेस पैक, बढ़ेगा ग्लो और दूर होंगी कई परेशानियां

एलर्जी और संक्रमण से बचाव करे 

नीम त्वचा पर मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया से लड़ने में मददगार है। चेहरा साफ करने के लिए नीम फेस वॉश  का उपयोग करने से त्वचा के दानों, फोड़े-फुंसी, एलर्जी और संक्रमण की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

त्वचा को एजिंग से बचाए 

नीम में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो फ्री-रेडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं। नीम फेस वॉश से चेहरा धोने से झुर्रियों और फाइन लाइन्स जैसे बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने में मदद मिलती है।

घर पर नीम फेस वॉश कैसे बनाएं?- How To Make Neem Face Wash At Home In Hindi

सामग्री

  • नीम की पत्तियों का पाउडर - 2 चम्मच
  • एलोवेरा जेल - 4 चम्मच
  • लिक्विड कैस्टाइल साबुन  - 2 चम्मच
  • गुलाब जल - 5-6 चम्मच
  • जोजोबा या विटामिन ई तेल - 1 चम्मच
  • पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें

विधि

घर पर नीम फेस वॉश बनाने के लिए आपको एक कांच के कंटेनर में लिक्विड कैस्टिले सोप लेना है। फिर इसमें नीम की पत्तियों का पाउडर, एलोवेरा जेल और गुलाब जल डालना है। उसके बाद, इसमें जोजोबा या विटामिन ई तेल और पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिलाएं। अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें। आप चाहें तो इस मिश्रण को ब्लेंड भी कर सकते हैं, ताकि सारी चीजें अच्छी तरह घुल जाएं। अब आप इसे स्टोर करके रख सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: नीम फेस पैक से हटाएं चेहरे के दाग-धब्बे, जानें बनाने और प्रयोग का तरीका

नीम फेस वॉश का प्रयोग कैसे करें- How To Use Neem Face Wash

नीम फेस वॉश का प्रयोग करने से पहले 1-2 बार कंटेनर को शेक कर लें। उसके बाद थोड़ा-सा फेस वॉश लेकर चेहरे पर अप्लाई करें। हल्के  हाथों से सर्कुलर मोशन में मसाज करते हुए चेहरे को साफ करें। फिर पानी से चेहरा धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए आप दिन में 2 बार नीम फेस वॉश से चेहरा जरूर धोएं।

नीम फेस वॉश के इस्तेमाल से स्किन से जुड़ी कई समस्याएं दूर हो सकती हैं। हालांकि, अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या कोई एलर्जी है, तो पैच टेस्ट जरूर कर लें।

Disclaimer